पौड़ी की महिलाओं की बेकरी यूनिट बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल

पौड़ी। पौड़ी में वर्ष 2019 में स्थापित उमंग स्वायत सहकारिता (बिजली ढ़ांढ़री) की बेकरी यूनिट ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त मॉडल बन गई है। हिमोत्थान समिति देहरादून, टाटा ट्रस्ट और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से शुरू हुई इस यूनिट में छह महिलाएं नियमित कार्यरत हैं।
स्थानीय पहाड़ी अनाज-मंडुवा और झंगोरा से बने बिस्किट, लड्डू, केक और नानखटाई की मांग तेजी से बढ़ी है। यूनिट प्रतिदिन 5-6 हजार रुपये की आय और 1.5-2 लाख रुपये मासिक टर्नओवर के साथ 70-80 हजार रुपये शुद्ध लाभ अर्जित कर रही है। 105 स्थानीय महिलाओं से अनाज खरीदकर उन्हें भी रोजगार से जोड़ा गया है। दिल्ली की रंगीलो छबीलों कंपनी के माध्यम से ये उत्पाद देश-विदेश तक पहुंच रहे हैं, जिससे पौड़ी की महिलाओं के पहाड़ी उत्पादों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है।
