सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कॉलेज से- 2 भेल रानीपुर हरिद्वार में आशीर्वाद तथा विदाई समारोह का आयोजन

हरिद्वार से रोहित वर्मा की रिपोर्ट –आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज सेक्टर 2 रानीपुर भेल हरिद्वार में बोर्ड परीक्षा 2026 में सम्मिलित हो रहे विद्यालय के इंटरमीडिएट कक्षा के छात्र-छात्राओं को कक्षा 11th के छात्र-छात्राओं के द्वारा शुभाशीष समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य छात्रों को उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद देना था। कार्यक्रम का प्रारंभ विद्यालय के अध्यक्ष डॉ शिव शंकर जायसवाल जी , विद्यालय प्रबंधक श्री अजय शर्मा जी , विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेन्द्र दत्त अंथवाल जी तथा विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री रुद्र प्रताप शास्त्री जी ने सामुहिक रूप से मां शारदे के समक्ष दीप प्रज्वलित करके किया। समारोह की शुरुआत गायत्री मंत्र तथा महामृत्युंजय मंत्र के उच्चारण के साथ किया गया जिसने विद्यालय के पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 के भैया बहिनों ( सनी मिश्रा और आस्था ) ने किया।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अभ्यागतों का परिचय विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य श्री प्रवीण कुमार जी ने करवाया। कार्यक्रम में कक्षा 11 के भैया बहनों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन और और कविताएं प्रस्तुत की गई । कक्षा 12 की बहिन ने अपने बीते दिनों का अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य प्रवीण कुमार जी ने कहा कि यह विद्यालय संस्कारों के कारण जाना जाता है इसलिए सभी भैया बहन भविष्य में भी अपने संस्कारों को ना भूले । कार्यक्रम की अगली कड़ी में आचार्या श्रीमती करुणा गुप्ता जी ने बच्चो को भगवतगीता के एक श्लोक तथा एक गीत के माध्यम से शुभकामनाएं प्रेषित । वहीं आचार्य श्रीमान दीपक कुमार जी ने भी कक्षा 12 के भैया बहिनों को आगामी परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ दी तथा साथ ही जीवन भर अनुशासन तथा संस्कार को न छोड़ने के लिए प्रेरित किया । भैया विचल ने कक्षा 11 की तरफ़ से शुभकामनाएं दी।कार्यक्रम में विद्यालय अध्यक्ष डॉ जायसवाल जी ने कहा आज का यह आशीर्वाद समारोह हमारे विद्यालय के लिए एक विशेष और भावुक अवसर है। यह वह पल है जब हम अपने उन छात्र-छात्राओं को विदाई देते हैं जो वर्षों तक इस विद्यालय की शोभा बढ़ाते रहे और अब जीवन के नए अध्याय की ओर बढ़ने को तैयार हैं। यह समारोह केवल विदाई का नहीं, बल्कि आशीर्वाद का है – जिसमें हम सभी मिलकर आपके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। आपने इस विद्यालय में न केवल किताबी ज्ञान अर्जित किया है, बल्कि अनुशासन, संस्कार, मित्रता और संघर्ष की भावना भी सीखी है। आपकी मुस्कान, आपकी उत्सुकता, आपकी मेहनत – ये सब हमारे लिए अनमोल यादें हैं। आज जब आप यहां से जा रहे हैं, तो मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि आप सभी ने अपने शिक्षकों और अभिभावकों का नाम रोशन किया है और करेंगें भी ।

जीवन एक लंबी यात्रा है। आगे आने वाली चुनौतियां आपको कभी-कभी थका सकती हैं, लेकिन याद रखिए – असफलता सफलता की सीढ़ी है। जो गिरकर उठना जानता है, वही ऊंचाइयों को छूता है। सदैव ईमानदार रहिए, मेहनती रहिए, और दूसरों की सहायता करने का भाव रखिए। सफलता अपने आप आपके कदम चूमेगी।
मैं आपके सभी शिक्षकों की ओर से, अपने व्यक्तिगत रूप से, और पूरे विद्यालय परिवार की ओर से आपको हृदय से आशीर्वाद देता हूं। कार्यक्रम में विद्यालय की आचार्या श्रीमती प्रतिभा जोशी जी ने भैया बहनों को आगामी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम मे विद्यालय प्रबंधक अजय शर्मा जी ने कहा कि अब हम खुद तय करेंगे कि हमारी दिशा जीवन मे कैसी होनी चाहिये। आज हो सकता है हमारा विद्यालय में आज अन्तिम दिन हो लेकिन विद्यालय से हमेशा जुडे रहना। विद्या भारती ने इतने होनहार विद्यार्थी दिए है इसके लिए मैं सभी गुरुजनों का आभार व्यक्त करता हूँ साथ ही आपको उज्ज्वल भविष्य के लिए आपको बहुत बहुत आशीर्वाद। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री लोकेंद्र दत्त अंथवाल जी ने बच्चों को उनके जीवन के अगले पड़ाव में प्रवेश करने के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की तथा
छात्रों को जीवन में नैतिक मूल्य परिश्रम और अनुशासन को अपनाने का संदेश दिया। आशीर्वाद समारोह ने विद्यार्थियों के लिए एक मूल्यवान मनोबल बढ़ाने वाला कार्य किया । विद्यार्थियों को शुभकामना पत्र देकर कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
