जिलाधिकारी ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, समाधान के दिए निर्देश

चमोली। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने अपने कार्यालय में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनी और संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। जनता मिलन में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और अपनी-अपनी समस्याएं रखीं।
सिंदवाणी तल्ली के ग्रामीणों ने दृयुक तोक में सोलर लाइट लगाने की मांग की, ताकि शाम के समय महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो। राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि के छात्रसंघ पदाधिकारियों ने बालिका छात्रावास में सुरक्षा कर्मी और महाविद्यालय परिसर में हेल्थ डेस्क की स्थापना की आवश्यकता जताई। ग्रामीणों ने परी तोक को सड़क मार्ग से जोड़ने और भंगर गदेरे पर पुलिया निर्माण की मांग भी उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को स्थलीय निरीक्षण कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों के ’’समयबद्ध निस्तारण’’, नियमित समीक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के भी स्पष्ट निर्देश दिए।
