नशे व प्रतिबंधित दवाईयों पर सख्त निगरानी के दिए निर्देश

रूद्रप्रयाग। रुद्रप्रयाग को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशों के क्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में नार्काे समन्वय केंद्र की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में भांग की अवैध खेती, नशे के कारोबार और प्रतिबंधित दवाइयों पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि नशे से संबंधित किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कदम उठाए जाएं। पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने बताया कि जनपद को ड्रग्स फ्री बनाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार चेकिंग, छापेमारी, जन-जागरूकता कार्यक्रम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता अभियान, चिकित्सा विभाग को प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री रोकने तथा मेडिकल स्टोर्स में सीसीटीवी अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए। परिवहन व वन विभाग को भी तस्करी और अवैध खेती पर सख्त निगरानी के निर्देश जारी किए गए।
