28 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 7 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में महाशिवरात्रि पर्व को देखते हुए जनपद हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में कांवड़ पटरी मार्ग चिड़ियापुरदृचंडीघाट, हरकी पैड़ी क्षेत्र सहित विभिन्न स्थायी व अस्थायी खाद्य प्रतिष्ठानों तथा कोल्ड ड्रिंक स्टोरेज का निरीक्षण किया गया। कुल 28 प्रतिष्ठानों की जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर 7 खाद्य कारोबारियों को नोटिस जारी किए गए।
निरीक्षण के दौरान एक्सपायरी तिथि वाली स्लाइस, स्टिंग, फैंटा व लिमका सहित 118 बोतलें मौके पर नष्ट करवाई गईं। स्लाइस, क्रीमवेल केसर बादाम मिल्कशेक एवं स्टिंग एनर्जी ड्रिंक के 3 नमूने जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजे गए। ऊंचापुल ज्वालापुर स्थित एक डिस्ट्रीब्यूटर सेंटर में भी खामियां मिलने पर नोटिस जारी कर 3 दिन में जवाब तलब किया गया।
