मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया गौदान फिल्म का अवलोकन

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित सेन्ट्रियो मॉल में गौ संरक्षण पर आधारित फिल्म ‘गौदान’ का अवलोकन किया। उन्होंने फिल्म को भारतीय संस्कृति, ग्राम्य जीवन और गौ-संवर्धन की परंपरा से जुड़ा प्रेरणादायी प्रयास बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय भारतीय संस्कृति में केवल आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि, पोषण और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला है। उन्होंने बताया कि ‘गौदान’ को उत्तराखण्ड में टैक्स फ्री किया गया है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे देख सकें और गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश संरक्षण, पशुपालकों को प्रोत्साहन और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने फिल्म निर्माता विनोद कुमार चौधरी व टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रभावी फिल्म नीति के माध्यम से उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण का प्रमुख केंद्र बनाया जा रहा है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री व बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
