सूबे में शैक्षणिक संवर्ग का बनेगा त्रि-स्तरीय ढांचा: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश में शैक्षणिक संवर्ग का नया त्रि-स्तरीय ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसका प्रस्ताव शीघ्र कैबिनेट में लाया जाएगा। शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने शिक्षकों के त्रि-स्तरीय ढांचे के गठन में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को जल्द प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। मंत्री ने डायटों में लंबे समय से रिक्त प्रवक्ता संवर्ग के 222 पदों को भरने के लिए अधियाचन राज्य लोक सेवा आयोग को भेजने के निर्देश दिए, ताकि स्थायी नियुक्तियां की जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नए शैक्षणिक सत्र से पहले प्रदेश के सभी विद्यालयों में निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई होगी। साथ ही एससीईआरटी के ढांचे, चतुर्थ श्रेणी भर्ती प्रक्रिया में तेजी, विद्यालयों के उच्चीकरण और भूमि दान करने वाले परिवारों को भर्ती में वरीयता देने के निर्देश भी दिए गए।
