आवास सचिव डॉ. आर. राजेश ने किया नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग का औचक निरीक्षण

देहरादून। आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने आज देहरादून स्थित नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग का औचक निरीक्षण कर विभागीय कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में चल रहे कार्यों, फाइल निस्तारण, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी एवं उत्तरदायी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप विकास कार्यों में गति और गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जानी चाहिए तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर जनहित के मामलों को प्राथमिकता दी जाए।
निरीक्षण के उपरांत सचिव ने बागेश्वर एवं गरुड़ की जीआईएस आधारित महायोजना (मास्टर प्लान) की समीक्षा बैठक में सहभागिता की। बैठक में नगरीय विस्तार, यातायात प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, जल निकासी, सार्वजनिक सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना विकास से जुड़े बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि महायोजना को स्थानीय आवश्यकताओं, भौगोलिक परिस्थितियों एवं भविष्य की जनसंख्या वृद्धि को ध्यान में रखते हुए अंतिम रूप दिया जाए, ताकि सुनियोजित और सतत विकास सुनिश्चित हो सके।
निरीक्षण के दौरान बायोमेट्रिक उपस्थिति की भी जांच की गई। बिना अनुमति अनुपस्थित कार्मिकों पर सख्ती दिखाते हुए स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए गए। सचिव ने कहा कि कार्यालयीन अनुशासन और समयपालन विभागीय कार्यकुशलता की आधारशिला है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
