मुख्यमंत्री ने की राज्य की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं की समीक्षा


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में राज्य की प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन रेल परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि रेल परियोजनाओं में टनल के साथ बनने वाली एस्केप टनल को समानांतर सड़कों (पैरेलल रोड्स) के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। उन्होंने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना में बनी एस्केप टनल के भविष्य में उपयोग को लेकर भी ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग से बागेश्वर तक रेल लाइन के विस्तार की संभावना पर कार्य करने तथा टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत विभिन्न वैकल्पिक मार्गों पर विचार किया जाए और अधिक से अधिक क्षेत्र एवं जनता को लाभ मिले, इसके लिए अल्मोड़ा व सोमेश्वर क्षेत्र को भी जोड़ने की संभावनाओं पर कार्य किया जाए। साथ ही मुख्यमंत्री ने टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किए जाने के लिए केंद्र सरकार से आग्रह करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग परियोजना के अंतर्गत प्रस्तावित रेलवे स्टेशनों के लिए इंटीग्रेटेड प्लान तैयार करने को कहा, जिससे स्टेशन परिसरों के आसपास स्थानीय बाजार विकसित हो सकें। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए विशेष व्यवस्था करने, लोगों को होमस्टे व स्वरोजगार योजनाओं के प्रति जागरूक करने तथा आसपास के गांव, कस्बों, धार्मिक व पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का 72.5 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि टनल निर्माण का 95.30 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। इस परियोजना के अंतर्गत कुल 28 टनल बनाई गई हैं, जिनमें 16 मुख्य टनल और 12 एस्केप टनल शामिल हैं। विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निर्माण उत्तराखंड की संस्कृति और धार्मिक आस्था से जुड़ी थीम पर किया जा रहा है। बैठक में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन सहित राज्य एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!