आईजी गढ़वाल ने किया घटनास्थल का निरीक्षण, अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश


देहरादून। थाना डालनवाला क्षेत्र में घटित गंभीर गोलीकांड की घटना को लेकर पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक व तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।
आईजी गढ़वाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून को निर्देश दिए कि घटना में संलिप्त अपराधियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए तथा गिरफ्तारी के लिए सर्विलांस, तकनीकी और अन्य विधिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु ठोस रणनीति तैयार की जाए।


घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए परिक्षेत्रीय कार्यालय में देहरादून जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए त्वरित अनावरण और प्रभावी रोकथाम के निर्देश दिए गए। आईजी ने निर्देशित किया कि सभी क्षेत्राधिकारी अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमणशील रहेंगे, संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध निरंतर चेकिंग एवं आकस्मिक अभियान चलाए जाएंगे तथा विवादित मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!