चारधाम यात्रा 2026 को स्वच्छ, सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल बनाने की तैयारी शुरू

रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। आगामी चारधाम यात्रा 2026 के सफल, सुचारू एवं पर्यावरण अनुकूल संचालन को लेकर जिलाधिकारी प्रतीक जैन की अध्यक्षता में जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यात्रा मार्ग एवं प्रमुख स्थलों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। कूड़े के वैज्ञानिक संग्रहण, निस्तारण एवं रीसाइक्लिंग हेतु विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने डिपॉजिट रिफंड स्कीम को प्रोत्साहित करने, स्वच्छता संदेशों के व्यापक प्रचार-प्रसार, फत् कोड, साइन बोर्ड व सार्वजनिक उद्घोषणाओं के उपयोग के निर्देश दिए। उन्होंने होटलों व प्रतिष्ठानों में स्वच्छता हेतु स्टार रेटिंग, ग्रीन बैजिंग तथा गंदगी फैलाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही स्थानीय व्यापारियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों व निकायों को जन-जागरूकता अभियान से जोड़ने पर बल दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
