सहकारी संघों में प्रोफेशनल एमडी की तैनाती से बढ़ेगी कार्यकुशलता

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। सहकारिता विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न सहकारी संघों के प्रभावी संचालन और पेशेवर प्रबंधन के लिए प्रोफेशनल मैनेजिंग डायरेक्टर तैनात किए जाएंगे। यह बात सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने देहरादून में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में कही। उन्होंने कहा कि सहकारी संघों को बाजार की प्रतिस्पर्धा के अनुरूप तैयार करना समय की आवश्यकता है।
डॉ. रावत ने दून सहकारी बाजार एवं निबंधक कार्यालय के निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। आधी-अधूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचे अधिकारियों को भविष्य में पूर्ण तैयारी के साथ आने की चेतावनी दी गई।
बैठक में एआर व डीआर की पदोन्नति से जुड़े डीपीसी प्रस्ताव राज्य लोक सेवा आयोग को भेजने, सहकारी बैंकों में भर्ती परीक्षा आईबीपीएस के माध्यम से कराने तथा पैक्स सचिवों की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए गए।
