सुरक्षित इंटरनेट दिवस: जागरूकता ही बचा सकती है साइबर फ्रॉड से

पौड़ी। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में इंटरनेट एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर चर्चा की गई।
प्रभारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला ने साइबर स्वच्छता, फिशिंग, ओटीपी/यूपीआई धोखाधड़ी, डीपफेक व डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर खतरों से बचाव की जानकारी दी। उन्होंने मजबूत पासवर्ड, बहु-स्तरीय सत्यापन अपनाने और संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दी। साइबर अपराध की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करने को कहा गया। कार्यशाला में अधिकारी, शिक्षक व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

एआई के सुरक्षित उपयोग पर दिया जोर
रुद्रप्रयाग। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सूचना कार्यालय रुद्रप्रयाग द्वारा जिला कार्यालय सभागार में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला की थीम स्मार्ट तकनीक के साथ कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग पर केंद्रित रही। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकित सैनी ने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी संदेश, डीपफेक और डिजिटल अरेस्ट से बचाव की जानकारी दी।
साइबर जोखिमों से सतर्क रहने की बताई आवश्यकता
हरिद्वार। सेफर इंटरनेट दिवस के अवसर पर विकास भवन सभागार में “स्मार्ट टेक, सुरक्षित विकल्प: एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल की खोज” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी यशपाल सिंह ने बताया कि कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि मुख्य कोषाधिकारी अजय कुमार एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी ने किया। कार्यशाला में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सुरक्षित और जिम्मेदार प्रयोग पर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने डेटा सुरक्षा, गोपनीयता, फेक कंटेंट और साइबर जोखिमों से सतर्क रहने की आवश्यकता बताई।
साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
चमोली। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआईसी) चमोली द्वारा सेफर इंटरनेट डे के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में साइबर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अधिकारियों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर सुरक्षा और डिजिटल जिम्मेदारी की जानकारी दी गई। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुशीला ने फिशिंग, ओटीपी/यूपीआई फ्रॉड, ऑनलाइन स्कैम, डीपफेक व डेटा सुरक्षा पर प्रकाश डाला।
साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
देहरादून। सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अंकुश पांडेय की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार, देहरादून में एक दिवसीय जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विभागीय कार्मिकों एवं स्कूली बच्चों को इंटरनेट के सुरक्षित व जिम्मेदार उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सतर्कता की जानकारी दी गई।
