एसपी चमोली ने की वृहद पुलिस निर्माण कार्यों की समीक्षा

चमोली। जनपद में पुलिसकर्मियों की सुरक्षा एवं सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय गोपेश्वर में वृहद पुलिस निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में संबंधित निर्माण इकाइयों के अधिकारियों ने निर्माणाधीन कार्यों की अद्यतन वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की, जिसकी पुलिस अधीक्षक द्वारा गहन समीक्षा की गई।
जनपद में थाना एवं अग्निशमन इकाई गैरसैंण के नवीन भवन, पुलिस लाइन गोपेश्वर में प्रशासनिक भवन, भराडीसैंण में 50 शैय्या छात्रावास, 100 पुलिस कर्मियों हेतु बैरक, शौचालय, भोजनालय, वाहन पार्किंग, पेयजल व्यवस्था तथा मंडल में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी का निर्माण कार्य प्रगति पर है। पुलिस अधीक्षक ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आगामी विधानसभा सत्र को दृष्टिगत रखते हुए कार्यों में तेजी लाने एवं बुनियादी सुविधाएं समय से पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।
