चारधाम यात्रा से पूर्व सफाई व वनाग्नि नियंत्रण को लेकर दिए निर्देश

उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा को स्वच्छ, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेकर सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जिलाधिकारी ने डुंडा के उद्दालका में प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट में विद्युत कनेक्शन न होने तथा मनेरी झील क्षेत्र में गंदगी पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिए कि 15 फरवरी से यात्रा मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। साथ ही बढ़ती वनाग्नि की घटनाओं पर चिंता जताते हुए ग्राम स्तर पर वीडीओ और वीपीडीओ की जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जंगल में आग लगाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
