लीसा विदोहन से वन संरक्षण के साथ ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार

पौड़ी। वन विभाग के तत्वावधान में रामलीला मैदान, पौड़ी में लीसा विदोहन से रोजगार सृजन एवं वनाग्नि सुरक्षा को लेकर जन-जागरूकता सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार पोरी ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध करते हुए जागरूकता का संदेश दिया।
विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि लीसा विदोहन से वन संरक्षण के साथ ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार मिलेगा। नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने इसे पलायन रोकने में सहायक बताया। डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव ने लीसा विदोहन की वैज्ञानिक प्रक्रिया और इससे पंचायतों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। कार्यक्रम में सीतलाखेत मॉडल प्रस्तुत किया गया तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वनाग्नि रोकथाम और संरक्षण का संदेश दिया गया। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
