प्रदेश सरकार की योजनाओं से आत्मनिर्भरता की मिसाल बनीं थल्ली की साधना रावत


पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदीप कुमार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली नीतियों का प्रभाव अब ग्रामीण स्तर पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। जनपद पौड़ी के विकासखंड पौड़ी अंतर्गत ग्राम थल्ली निवासी साधना रावत इसकी जीवंत मिसाल बनकर उभरी हैं। ग्रामोत्थान परियोजना और एनआरएलएम से जुड़कर उन्होंने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ की, बल्कि गांव में एक सफल महिला उद्यमी के रूप में पहचान भी बनाई है।
ग्रामोत्थान परियोजना से जुड़ने से पहले साधना रावत की आजीविका मजदूरी और खेती पर निर्भर थी। परियोजना के तहत किए गए सर्वे में उनका चयन रिटेल शॉप गतिविधि के लिए किया गया। भौतिक सत्यापन के बाद एक लाख रुपये की गतिविधि लागत में 30 हजार रुपये की सहयोग राशि, सहकारी समिति से 50 हजार रुपये का ब्याज रहित ऋण और सीआईएफ से 50 हजार रुपये का ऋण लेकर उन्होंने गांव में रिटेल दुकान शुरू की।
दुकान खुलने के बाद उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। वर्तमान में दुकान से प्रतिमाह 70 से 80 हजार रुपये का कारोबार हो रहा है, जबकि शुद्ध वार्षिक लाभ करीब 80 हजार रुपये है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है। साधना रावत ने योजनाओं से मिले सहयोग के लिए ग्रामोत्थान, एनआरएलएम और सीएलएफ का आभार जताया। परियोजना प्रबंधक कुलदीप बिष्ट ने इसे ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!