केदारनाथ धाम यात्रा 2026 की तैयारियों को लेकर यात्रा मार्ग का किया संयुक्त निरीक्षण

रूद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी प्रतीक जैन के निर्देशानुसार आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 के सफल संचालन, यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यात्रा मार्ग का विभिन्न विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यात्रा मार्ग पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का आकलन कर समयबद्ध सुधारात्मक कार्यों को सुनिश्चित करना रहा।
संयुक्त निरीक्षण में उपजिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, तहसीलदार ऊखीमठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, अधिशासी अभियंता निर्माण खंड गुप्तकाशी सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, जल संस्थान, स्वास्थ्य, पुलिस, वन, पशुपालन, आपूर्ति, नगर पंचायत, जिला पंचायत, बीकेटीसी, जीएमवीएन एवं सुलभ इंटरनेशनल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों में ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला एवं प्रधान प्रतिनिधि गौरीकुंड भी शामिल रहे। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के संवेदनशील स्थलों का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए। गौरीकुंड स्थित तप्तकुंड, चेंजिंग रूम एवं पैदल मार्ग की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया गया। पैदल मार्ग पर खतरा उत्पन्न कर रहे वृक्षों के पातन की कार्यवाही भी की गई। सभी विभागों को तीन दिवस के भीतर विस्तृत रिपोर्ट यात्रा सेल को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए, ताकि केदारनाथ यात्रा 2026 सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सके।
