यमुना घाटी में योजनाओं का निरीक्षण, कार्य में तेजी के निर्देश

उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुना घाटी क्षेत्र में विभिन्न विकास एवं जनोपयोगी योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुरोला डंपिंग जोन में कूड़ा निस्तारण एवं रिवर प्रोटेक्शन वर्क हेतु प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन के अंतर्गत देवराणा, कांडी व कंडारी पंपिंग योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। देवराणा योजना में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। कांडी पंपिंग योजना का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन जल्द कराने तथा कंडारी योजना को समय से पूरा कर लोगों को लाभ देने को कहा। डामटा राजकीय इंटर कॉलेज के निरीक्षण में जिलाधिकारी ने शैक्षिक गुणवत्ता का जायजा लिया और बच्चों को मोबाइल के अनावश्यक उपयोग से दूर रहकर खेलकूद व योग अपनाने की सलाह दी। डामटा पुलिस चौकी हेतु संबंधित विभागों को संयुक्त निरीक्षण के निर्देश भी दिए।
योजनाओं के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन के दिए निर्देश
उत्तरकाशी। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने तहसील कार्यालय मोरी के निरीक्षण के दौरान ई-ऑफिस के शत-प्रतिशत उपयोग, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा भवन मरम्मत के निर्देश दिए। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए गए। आकांक्षी विकासखंड मोरी में निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेंशन सत्यापन नियमित कराने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। मोरी थाने के निरीक्षण में जनसुनवाई, महिला हेल्प डेस्क व सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संवेदनशील एवं त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।
