सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें हैं एक गंभीर सामाजिक चुनौती

देहरादून। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत परिवहन विभाग, उत्तराखंड द्वारा देहरादून में वाहन दुर्घटना क्रैश इन्वेस्टिगेशन विषय पर एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी देहरादून एवं जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतें एक गंभीर सामाजिक चुनौती हैं और सड़क सुरक्षा सभी विभागों व नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने वैज्ञानिक जांच और डेटा आधारित निर्णय को आवश्यक बताया। मंत्री सुबोध उनियाल ने ओवरस्पीडिंग को दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बताते हुए हेलमेट व यातायात नियमों के कड़ाई से पालन पर जोर दिया। विधायक सविता कपूर ने अतिक्रमण और वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग को दुर्घटनाओं का कारण बताया। आईआरएडी डेटा के अनुसार देहरादून में 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 11.94 प्रतिशत और घायलों की संख्या में 5.57 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, हालांकि मृतकों की संख्या में वृद्धि चिंता का विषय है। कार्यक्रम के तकनीकी सत्र में विशेषज्ञ सुमित ढुल ने वैज्ञानिक क्रैश इन्वेस्टिगेशन पर प्रस्तुति दी। अंत में संयुक्त परिवहन आयुक्त द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम में विधायक कैंट सविता कपूर, अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
