कैबिनेट मंत्री ने किया रजत जयंती पार्क व महादेव पार्किंग का लोकार्पण


श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम श्रीनगर के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने मेयर, पार्षदों व नगर निगम परिवार को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद नगर निगम का गठन हुआ, जिससे शहर के विकास को नई गति मिली है और बजट में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है।
कैबिनेट मंत्री ने एक ही दिन में रजत जयंती पार्क व महादेव पार्किंग का लोकार्पण किया। साथ ही धारी देवी संकेत प्रकाश बोर्ड का उद्घाटन, गौशाला के पास पशु जन्म नियंत्रण केंद्र का लोकार्पण, विद्युत वाहन चार्जिंग केंद्र का शिलान्यास तथा वाल्मीकि चौक निर्माण का भूमि पूजन भी किया गया। उन्होंने बताया कि कूड़ा निस्तारण की समस्या के समाधान हेतु नया डंपिंग जोन चयनित कर ट्रेंचिंग ग्राउंड का कार्य शुरू हो चुका है। नदी कटाव रोकने के लिए 16 करोड़ रुपये की लागत से सुरक्षा कार्य कराया जाएगा। नगर निगम कार्यालय के नए भवन की डीपीआर तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर विधानसभा में अब तक 2900 आवास बनाए गए हैं और प्रदेश में 27 हजार लोगों को रोजगार मिला है। कार्यक्रम में मेयर आरती भंडारी, एसडीएम नूपुर वर्मा सहित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

महर्षि वाल्मीकि चौक निर्माण का किया भूमि पूजन

श्रीनगर गढ़वाल। नगर निगम बोर्ड के गठन के एक वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पीपलचौरी क्षेत्र में महर्षि वाल्मीकि चौक निर्माण का विधिवत भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शपथ ग्रहण के बाद यह उनकी पहली घोषणा थी, जिसे अब धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने चौक को सामाजिक समरसता और सम्मान का प्रतीक बताया। कार्यक्रम में पार्षद, निगम अधिकारी, वाल्मीकि समाज के लोग और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!