एक दिन, एक घंटा, एक साथ: महा मेगा स्वच्छता अभियान से बना स्वच्छता का नया रिकॉर्ड


हरिद्वार। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में तीर्थनगरी जनपद हरिद्वार को साफ, स्वच्छ, सुंदर एवं मॉडल जनपद बनाने के उद्देश्य से बीते तीन माह से निरंतर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को ’“एक दिन, एक घंटा, एक साथ”’ थीम पर जनपदभर में ’’महा मेगा स्वच्छता अभियान’’ का आयोजन किया गया।
महा मेगा स्वच्छता अभियान का शुभारंभ पंतद्वीप मैदान (चमगादड़ टापू) से मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल एवं मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा ने संयुक्त रूप से किया। इसके साथ ही जनपद के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान शुरू किया गया।


हर किसी की रही व्यापक जनसहभागिता

इस अभियान में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठन, धार्मिक संस्थान, व्यापार मंडल, पुलिस विभाग, शिक्षण संस्थान, महिला समूह, युवक मंगल दल एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा न फेंकने और निर्धारित कूड़ा संग्रह केंद्रों का उपयोग करने की अपील की।


जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका

अभियान में सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, अध्यक्ष जिला पंचायत किरण चौधरी, विधायकगण, मेयर हरिद्वार एवं रुड़की सहित ब्लॉक प्रमुखों, नगर पालिका एवं नगर पंचायत अध्यक्षों ने स्वयं सफाई कर जनता को प्रेरित किया।


संस्थानों एवं विभागों का योगदान

प्रेमनगर आश्रम, शांतिकुंज, पंजाबी महासभा, महिला मंगल दल, पत्रकारों, विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों ने स्वच्छता अभियान व जागरूकता रैलियों में भाग लिया। नगर निगम, नगर पालिका, पंचायतें, औद्योगिक इकाइयाँ, बीएचईएल तथा स्वास्थ्य, वन, शिक्षा, परिवहन सहित सभी विभागों ने अभियान को सफल बनाया।


2 लाख लोगों ने एकत्रित किया 100 मीट्रिक टन कूड़ा

कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अभियान में ’’2,28,635 लोगों’’ ने सहभागिता की। कुल ’’100 मीट्रिक टन कूड़ा’’ एकत्र किया गया, जिसमें ’’52 मीट्रिक टन गीला’’ एवं ’’48 मीट्रिक टन सूखा कूड़ा’’ शामिल है। यह अभियान जनपद को स्वच्छता में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सशक्त कदम साबित हुआ।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यक्त किया आभार

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद हरिद्वार में आयोजित महा मेगा स्वच्छता अभियान में सहभागिता करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तीर्थ नगरी हरिद्वार को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह सामूहिक प्रयास सराहनीय है। इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक व धार्मिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, व्यापार मंडल, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही, जो प्रशंसनीय है। मुख्यमंत्री ने अपेक्षा जताई कि ऐसे स्वच्छता अभियान निरंतर चलाए जाएं, ताकि हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिले और वे सुखद अनुभव के साथ लौटें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!