चारधाम यात्रा से पहले प्रशासन एक्शन मोड में, जिलाधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं

उत्तरकाशी। आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने यमुनोत्री धाम यात्रा से जुड़े प्रमुख मार्गों, पड़ावों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क, पैदल मार्ग, यात्री सुविधाएं, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात, पार्किंग और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को यात्रा शुरू होने से पहले समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एनएच, लोनिवि, जल संस्थान और यूपीसीएल को यात्रा मार्ग पर निर्बाध सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पैदल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों का चिन्हीकरण कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, घोड़े-खच्चरों के लिए गर्म पानी और पड़ावों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल राहत पोस्ट, एंबुलेंस, आवश्यक दवाइयों और स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्यानाचट्टी, जानकीचट्टी सहित प्रमुख स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और निर्बाध विद्युत आपूर्ति, जलभराव समस्या के समाधान, भूस्खलन ट्रीटमेंट और सड़क चौड़ीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
