कर्मचारियों की बहाली को लेकर धरने पर बैठे नगर पालिका अध्यक्ष

टिहरी। टीएचडीसी एवं कोटेशन बांध परियोजना के तहत निटकोन कंपनी में कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत धरने पर बैठ गए। धरने की सूचना मिलते ही टीएचडीसी अधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं उनके समर्थकों को वार्ता के लिए आमंत्रित किया।
मोहन सिंह रावत ने कहा कि निटकोन कंपनी में स्थानीय लोग पिछले 12 वर्षों से कार्यरत हैं और उन्हें हटाने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने मांग की कि हटाए गए सभी कर्मचारियों को तत्काल बहाल किया जाए। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि टिहरी बांध के लिए स्थानीय लोगों ने जल, जंगल, जमीन और संस्कृति का बलिदान दिया है और उनकी उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी। मांगें न माने जाने पर आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी गई।
