नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा


चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को श्री नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वीकृत कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने और प्रस्तावित कार्यों के प्रस्ताव जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को नंदप्रयाग-नंदानगर, नंदानगर-सुतोल, देवाल-वांण एवं ग्वालदम-नंदकेसरी मार्गों पर निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा नंदानगर में टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। लोनिवि थराली को वांण में हेलीपैड के विस्तार कार्य में तेजी लाने के आदेश दिए गए। ग्रामीण निर्माण विभाग को सुतोल में हेलीपैड व पार्किंग निर्माण की कार्य योजना तैयार करने को कहा गया।
जल संस्थान एवं पेयजल निगम को स्वीकृत पेयजल योजनाओं के निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को निर्जन पड़ावों में पेयजल व्यवस्था हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने तथा वेदनी तक कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर विभागीय परिसंपत्तियों के निरीक्षण व आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने तथा उरेडा को विद्युत व्यवस्था हेतु स्थलीय निरीक्षण करने के आदेश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!