ढाई वर्षों से अनुपस्थित पुलिस कर्मी को एसएसपी ने किया बर्खास्त
देहरादून। विगत ढाई वर्षों से ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहे पुलिस कर्मी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई पूर्ण होने के उपरांत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने उसे पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्त कॉन्स्टेबल अनिल सिंह को 16 अप्रैल 2023 को शांति एवं कानून व्यवस्था ड्यूटी हेतु जनपद चमोली भेजा गया था, लेकिन उन्होंने ड्यूटी पर योगदान नहीं किया और 65 दिनों तक अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहे। इसके बाद 20 जून 2023 को जनपद देहरादून में उपस्थिति दर्ज कराई गई। 1 सितंबर 2023 को वह पुनः पुलिस लाइन की प्रातःकालीन गणना से अनुपस्थित हो गए और तब से अब तक ड्यूटी पर वापस नहीं आए। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी लाइन द्वारा की गई। विभागीय कार्रवाई के दौरान आरक्षी द्वारा कोई सहयोग नहीं किया गया। जांच पूर्ण होने के बाद रिपोर्ट वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई, जिस पर विचारोपरांत 5 फरवरी 2026 को आरक्षी अनिल सिंह को पुलिस सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय लिया गया।
