वनाग्नि रोकथाम को लेकर जिलाधिकारी ने ली बैठक, सतर्कता व समन्वय के निर्देश


पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में वनाग्नि रोकथाम को लेकर बैठक आयोजित कर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि समय से की गई तैयारी से वनाग्नि से होने वाली क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है, जिसमें जनसहभागिता बेहद जरूरी है। जिलाधिकारी ने वन विभाग को ग्राम स्तर तक गठित समितियों को सक्रिय रखने, उपकरणों की जांच, फायर वाचरों की तैनाती और आग लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी वन प्रभागों में कंट्रोल रूम स्थापित कर त्वरित सूचना तंत्र मजबूत करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जनपद का 61.38 प्रतिशत क्षेत्र वनाच्छादित है तथा 15 फरवरी से 15 जून तक वनाग्नि का खतरा सर्वाधिक रहता है। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने की स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा

पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न स्वरोजगारपरक योजनाओं की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और लंबित आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति की अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत करने और एक पखवाड़े के भीतर आवेदनों के निस्तारण के निर्देश दिए। बैठक में डेयरी, कृषि, उद्योग, पर्यटन, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई तथा स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!