सभी अस्पतालों को लाभार्थी हित में फॉलो करना होगा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफार्मेशन सिस्टम

देहरादून। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध सभी सरकारी व निजी अस्पतालों में हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफार्मेशन सिस्टम (एचएमआईएस) को प्राथमिकता से लागू किए जाने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) द्वारा प्रदेश के चिकित्सा संस्थानों को निरंतर प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल और लाभार्थी-केंद्रित बनाया जा सके।
बुधवार को प्रदेश के सभी निजी चिकित्सा संस्थानों के प्रतिनिधियों को वर्चुअल माध्यम से प्रशिक्षण देते हुए एबीडीएम की प्रबंधक प्रज्ञा पालिवाल ने बताया कि राज्य मिशन निदेशक रीना जोशी के निर्देशानुसार प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन एचएमआईएस के माध्यम से किया जाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लाभार्थियों की सुविधा के लिए ‘स्कैन एंड शेयर’ व्यवस्था को अनिवार्य रूप से अपनाना होगा। इससे मरीजों को पर्ची बनवाने के लिए लंबी कतारों से राहत मिलेगी और उनका स्वास्थ्य रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रहेगा।
प्रशिक्षण के दौरान पीपीटी के माध्यम से एचएमआईएस की तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी साझा की गई। साथ ही आभा आईडी के उपयोग, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, त्वरित पंजीकरण और पारदर्शी सेवाओं के लाभों पर भी प्रकाश डाला गया। उन्होंने बताया कि स्कैन एंड शेयर को प्रोत्साहित करने के लिए भारत सरकार द्वारा चिकित्सा संस्थानों को आर्थिक प्रोत्साहन भी दिया जा रहा है।
इस अवसर पर राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के निदेशक (प्रशासन) डॉ. डी.पी. जोशी, सूचना सुरक्षा अधिकारी रविंद्र पथानी, अमृत पोखरियाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
