परीक्षा पे चर्चा में सभी विद्यालयों की भागीदारी अनिवार्य: डॉ. धन सिंह

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश के सभी विद्यालयों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष कार्यक्रम ’परीक्षा पे चर्चा’ का प्रसारण अनिवार्य रूप से किया जाएगा। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि आगामी 6 फरवरी को प्रातः 10 बजे प्रधानमंत्री ’परीक्षा पे चर्चा’ के 9वें संस्करण के माध्यम से देशभर के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करेंगे।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं शिक्षक डिजिटल माध्यम से प्रतिभाग करेंगे। कार्यक्रम को लेकर सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दे दिए गए हैं। प्रसारण टीवी के साथ-साथ एजुसेट और इंटरनेट एक्सेस डिवाइस के माध्यम से भी किया जाएगा। डॉ. रावत ने बताया कि इस संस्करण के लिए प्रदेशभर से 8 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों ने पंजीकरण कराया है, जो कार्यक्रम के प्रति व्यापक उत्साह को दर्शाता है।
