जिला योजना कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता पर सख्ती, 15 फरवरी तक प्रगति के निर्देश

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलक्ट्रेट सभागार में जिला योजना के अंतर्गत कम प्रगति वाले 17 विभागों की समीक्षा करते हुए कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 15 फरवरी तक संतोषजनक प्रगति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों का फरवरी माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिला योजना के सभी कार्य पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ तय समयसीमा में पूरे हों। कोषागार स्तर पर भुगतान लंबित न रहे, इसके लिए नियमित फॉलोअप के निर्देश दिए गए। जल निगम को निर्माण कार्यों की अद्यतन फोटो और एमबी 15 फरवरी तक उपलब्ध कराने को कहा गया। मुख्य पशुचिकित्साधिकारी को इसी माह सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देने व दवाओं की आपूर्ति पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
