कैंसर के लक्षण, पहचान, बचाव व उपचार की दी जानकारी

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग पौड़ी द्वारा जिला चिकित्सालय में “यूनाइटेड बाय यूनिक” थीम पर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिस कलीम ने की। चिकित्सकों ने कैंसर के लक्षण, पहचान, बचाव व उपचार की जानकारी दी। डॉ. शशांक उनियाल ने मुंह के कैंसर और डॉ. अलीशा ने स्तन व गर्भाशय कैंसर पर प्रकाश डाला। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारुल गोयल ने 100 दिवसीय गैर संचारी रोग अभियान की जानकारी दी।

विश्व कैंसर दिवस पर चलाया जागरूकता कार्यक्रम
रुद्रप्रयाग। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत जनपद के 51 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोष्ठियों में समय पर पहचान और रोकथाम पर जोर दिया गया। नगरासू में मुख्य कार्यक्रम में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पायल सिंह ने स्वास्थ्य से जुड़े कानूनी पहलुओं की जानकारी दी।

छात्रों ने निकाली जन-जागरूकता रैली
श्रीनगर गढ़वाल। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कैंसर रोग विभाग द्वारा श्रीकोट बाजार में जन-जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने किया। डॉक्टरों, पैरामेडिकल स्टाफ व छात्रों ने पोस्टरों के माध्यम से कैंसर से बचाव का संदेश दिया। डॉ. सयाना ने समय पर जांच, स्वस्थ जीवनशैली और नशे से दूरी को आवश्यक बताया।

कैंसर के उपचार के प्रति किया जागरूक
उत्तरकाशी। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय उत्तरकाशी में स्वास्थ्य विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को कैंसर के कारणों, लक्षणों, बचाव एवं उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
