राजधानी में दिनदहाड़े युवती की हत्या से कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राजधानी देहरादून में दिनदहाड़े युवती की निर्मम हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह घटना राज्य की कानून व्यवस्था के पूरी तरह ध्वस्त होने का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्य बाजार क्षेत्र में युवती की गला काटकर हत्या की गई, उससे साफ जाहिर होता है कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और कानून का कोई भय नहीं रह गया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मच्छी बाजार जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया जाना भाजपा सरकार के कथित सुशासन और कानून व्यवस्था की पोल खोलता है। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां से कुछ ही दूरी पर राजधानी की मुख्य कोतवाली स्थित है तथा क्षेत्र में चौबीसों घंटे चहल-पहल रहती है, इसके बावजूद इस प्रकार की घटना का होना पुलिस की लापरवाही और असंवेदनशीलता को दर्शाता है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य में महिला सुरक्षा हो या आम नागरिक की जान-माल की सुरक्षा, हर मोर्चे पर पुलिस और सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। अपराधी बेखौफ होकर अपराध कर रहे हैं और कई मामलों में आसानी से बच निकलते हैं, जबकि पुलिस जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि उस प्रकरण में भी आज तक पूरे सच और वीआईपी की भूमिका का खुलासा नहीं हो पाया है, जिससे यह आशंका और गहरी होती है कि अपराधियों को कहीं न कहीं संरक्षण मिल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रदेश में कानून व्यवस्था को तत्काल मजबूत किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!