रक्तदान के प्रेरणास्रोत डॉ. सतीश कुमार हुए सेवानिवृत्त

श्रीनगर गढ़वाल। राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के बेस अस्पताल ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सतीश कुमार के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। डॉ. सतीश कुमार ने पिथौरागढ़ व श्रीनगर में ब्लड बैंक की स्थापना कर हजारों मरीजों को जीवनदान दिया। उन्होंने स्वयं 21 बार रक्तदान कर समाज को प्रेरित किया। उनके कार्यकाल में ब्लड बैंक प्रदेश के श्रेष्ठ संस्थानों में शामिल हुआ। विदाई समारोह में चिकित्सकों व कर्मचारियों ने उनकी निस्वार्थ सेवा, समर्पण और मानवीय दृष्टिकोण की सराहना की।
