मुख्यमंत्री ने की सिंचाई एवं जल संरक्षण परियोजनाओं की समीक्षा


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में सिंचाई परियोजनाओं के अंतर्गत रिवर प्रोटेक्शन कार्य और डीसिल्टिंग की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून सीजन में बाढ़ की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि लघु सिंचाई विभाग द्वारा जल संरक्षण, संवर्धन और संभरण योजनाओं के तहत चेक डैम निर्माण, रिचार्ज शॉफ्ट निर्माण और तालाब निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। राज्य में अब तक 708 चेक डैम बनाए जा चुके हैं, जबकि ऊधम सिंह नगर, नैनीताल और हरिद्वार में कुल 419 रिचार्ज शॉफ्ट स्थापित किए गए हैं, जिससे वार्षिक लगभग 108.94 करोड़ लीटर ग्राउंड वाटर रीचार्ज हो सकेगा। इसके अलावा 9 वन प्रभागों में पेयजल विभाग और सारा के माध्यम से 14 जल स्रोतों के संरक्षण एवं उपचार कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने वन विभाग को वनाग्नि रोकथाम के लिए पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, वन पंचायतों और आस-पास के लोगों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखा जाए, फायर लाइन की समय पर सफाई हो और वनभूमि पर होने वाले अतिक्रमण को प्राथमिकता पर हटाया जाए। इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगोली, युगल किशोर पंत और संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!