नालियों में भूसा और गोबर डालने वालों पर करें चालानी कार्रवाई

हरिद्वार। जिला गंगा संरक्षण समिति की 69वीं बैठक जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने ’’जल संस्थान और पेय जल निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एस.टी.पी की नियमित मॉनीटरिंग करें’’ और 14 एम.एल.डी. एस.टी.पी सराय एवं 33 एम.एल.डी. एस.टी.पी सलियर की संबंधित फर्मों पर कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
नगर निगम को निर्देश दिए गए कि गौशालाओं और डेयरी के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा नालियों में भूसा और गोबर डालने वालों पर चालानी कार्रवाई की जाए। कस्साबान नाले का ’’माह में दो बार औचक निरीक्षण’’ करने तथा अतिक्रमण हटाने और अधिकतम जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने पुलिस, नगर निगम और सिंचाई विभाग को गंगा घाटों, नालों और पुलों पर अतिक्रमण हटाने और लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने हेतु नालों और गंदे पानी के उचित प्रबंधन के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, नगर निगम आयुक्त, जल संस्थान अधिकारी, पुलिस अधिकारी और समिति सदस्य उपस्थित रहे।
