श्रीनगर नगर निगम बोर्ड बैठक में विकास से जुड़े 60 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

श्रीनगर गढ़वाल। श्रीनगर नगर निगम की बोर्ड बैठक में शहर के समग्र विकास से जुड़े 60 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता महापौर आरती भंडारी ने की। बैठक में सभी पार्षदों ने एकजुट होकर जनहित से संबंधित प्रस्तावों का समर्थन किया, जिसे नगर निगम की सकारात्मक और सहयोगात्मक कार्यसंस्कृति का उदाहरण माना जा रहा है।
बोर्ड बैठक का मुख्य फोकस सड़क निर्माण, नाला निर्माण, अधूरे विकास कार्यों को पूर्ण करने, नामकरण तथा नगर निगम से जुड़ी प्रशासनिक आवश्यकताओं पर रहा। बैठक में वार्ड संख्या 40 में मुख्य सड़क से महेंद्र सिंह नेगी के घर तक जर्जर मार्ग के निर्माण, अमर फार्मा क्लिनिक से विजयलक्ष्मी के घर तक अधूरी सड़क को पूर्ण करने तथा मुख्य सड़क से पंकज सिंह राणा और धन सिंह बिष्ट के घरों के मध्य दोनों ओर नाला निर्माण एवं सुरक्षा दीवार के कार्यों को मंजूरी दी गई।
इसके साथ ही वार्ड संख्या 06 श्रीकोट गंगानाली में गलियों के नामकरण एवं साइन बोर्ड लगाए जाने तथा नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों, मोहल्लों और गलियों में सूचक बोर्ड लगाए जाने के प्रस्ताव पारित किए गए। शहर के सौंदर्यीकरण और पहचान को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पीपलचौरी तिराहे का नाम “वाल्मिकी चौक” रखे जाने को भी स्वीकृति मिली।
बैठक में नगर निगम स्वामित्व वाले एजेंसी मोहल्ला स्थित भवन के भूतल पर संचालित विद्युत विभाग के कार्यालय को खाली कराए जाने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई। नगर निगम की बढ़ती प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए इस भवन के उपयोग हेतु प्रस्ताव को वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति के लिए आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
महापौर आरती भंडारी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के प्रत्येक वार्ड तक समान रूप से विकास पहुंचाना है। पारित सभी प्रस्ताव जनहित और शहर के भविष्य को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं, जिन पर शीघ्र कार्यवाही शुरू की जाएगी, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं और राहत मिल सके।
