आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने में प्रगति पोर्टल की अहम भूमिका: मुख्यमंत्री


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत, विकसित भारत और डिजिटल इंडिया के संकल्प को साकार करने में भारत सरकार के प्रगति पोर्टल की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे शुक्रवार को पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) देहरादून द्वारा आयोजित प्रगति पोर्टल विषयक पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजनाओं, योजनाओं और जनशिकायतों की त्वरित समीक्षा एवं समाधान के उद्देश्य से वर्ष 2015 में प्रो-एक्टिव एंड टाइमली इम्प्लीमेंटेशन पोर्टल की शुरुआत की गई। डिजिटल इंडिया कार्यक्रम के तहत शुरू किया गया यह पोर्टल केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं की निगरानी कर समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करता है, जिससे विकास कार्य तेजी से धरातल पर उतरते हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान में उत्तराखंड में 3.50 लाख करोड़ रुपये के कुल निवेश वाली 42 परियोजनाओं की निगरानी की जा रही है। इनमें से 1.22 लाख करोड़ रुपये के 15 हाई-वैल्यू प्रोजेक्ट्स की समीक्षा प्रगति मैकेनिज्म के तहत की जा रही है। अब तक 10 योजनाएं सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि 32 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है।
सीएम धामी ने चारधाम सड़क परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे लाइन और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को राज्य के पर्यटन, सामरिक और आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एसएएससीआई योजना के अंतर्गत इस वित्तीय वर्ष में उत्तराखंड को कुल 1806.49 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हुई है, जो ‘विकसित उत्तराखंड’ के लक्ष्य को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!