रूद्रपुर व पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का शीघ्र शुरू होगा संचालन

देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। चिकित्सा शिक्षा विभाग शैक्षणिक सत्र 2026-27 में राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर व पिथौरागढ़ के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है। दोनों कॉलेजों में एमबीबीएस की 100-100 सीटों की स्वीकृति हेतु नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) को प्रस्ताव भेज दिया गया है। स्वीकृति मिलने के बाद यहां विधिवत कक्षाएं शुरू होंगी, जिससे प्रदेश के युवाओं को मेडिकल शिक्षा और तराई-भाबर व सीमांत क्षेत्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में चिकित्सा शिक्षा का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। रूद्रपुर मेडिकल कॉलेज के संचालन हेतु जिला चिकित्सालय को चिकित्सा शिक्षा विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया है। वहीं रूद्रप्रयाग में राजकीय नर्सिंग कॉलेज का संचालन भी सत्र 2026-27 से 30 सीटों के साथ शुरू होगा।
