पौड़ी में अपंजीकृत क्लिनिक व मेडिकल स्टोरों पर स्वास्थ्य विभाग ने की कार्रवाई

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण टीम ने नैदानिक स्थापन अधिनियम के तहत पोखड़ा और एकेश्वर विकासखंडों में अपंजीकृत क्लिनिक, मेडिकल स्टोर एवं झोलाछाप चिकित्सकों के विरुद्ध औचक निरीक्षण किया। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय कुमार त्यागी ने बताया कि कुल 16 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिना पंजीकरण व ड्रग लाइसेंस संचालित पैथोलॉजी कलेक्शन सेंटर, बिना नवीनीकरण चल रहे मेडिकल स्टोर, बिना फार्मासिस्ट संचालन एवं एक्सपायर दवाइयां पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। कुछ स्थानों पर पैथोलॉजी उपकरण अवैध रूप से रखे पाए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर अपंजीकृत चिकित्सा संस्थानों के विरुद्ध सघन अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों पर अधिनियम के तहत नोटिस व जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।
