किशोरों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए बेस अस्पताल में पीयर एजुकेटरों ने किया भ्रमण

श्रीनगर गढ़वाल। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरकेएसके) पौड़ी के अंतर्गत श्रीनगर स्थित बेस अस्पताल में चयनित पीयर एजुकेटरों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य किशोर-किशोरियों को सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से परिचित कराना तथा उपलब्ध सुविधाओं की व्यावहारिक जानकारी देना था। बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सी.एम. शर्मा ने संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता और सकारात्मक जीवनशैली पर जोर दिया। काउंसलर संगीता रयाल व मनमोहन सिंह ने ओपीडी, पैथोलॉजी, रेडियोलॉजी, एएफएचसी, नीकू वार्ड सहित विभिन्न विभागों की जानकारी दी। चिकित्सकों ने बीपी, हीमोग्लोबिन जांच, एमआरआई, सीटी स्कैन, एक्स-रे व अन्य उपकरणों की कार्यप्रणाली समझाई। एनीमिया, मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य पर भी मार्गदर्शन दिया गया। यह भ्रमण पीयर एजुकेटरों के लिए ज्ञानवर्धक व उपयोगी रहा।
