कांग्रेस की बुद्धि-शुद्धि के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया हवन, तुष्टिकरण का लगाया आरोप


हरिद्वार। जिला हरिद्वार भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी की जनविरोधी नीतियों, राष्ट्रविरोधी सोच और देवभूमि उत्तराखंड में भ्रामक राजनीति के विरोध में कांग्रेस नेताओं की बुद्धि-शुद्धि हेतु हवन का आयोजन किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ ईश्वर से प्रार्थना की गई कि कांग्रेस को सद्बुद्धि प्राप्त हो तथा वह तुष्टिकरण की राजनीति छोड़कर राष्ट्रहित में कार्य करे।
जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार, परिवारवाद और वोट बैंक की राजनीति का पर्याय बन चुकी है तथा शांत प्रदेश उत्तराखंड का माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की एकता, अखंडता और विकास के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा झूठ और नफरत की राजनीति की है, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचा रही है और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन लाभान्वित हो रहा है। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर सुशील चौहान ने कहा कि जब शब्द मर्यादा तोड़ दें, तब संस्कृति ही समाधान बनती है और बुद्धि-शुद्धि यज्ञ हमारी परंपरा का प्रतीक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


कांग्रेस की बुद्धि शुद्धि के लिए किया यज्ञ

देहरादून। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की देहरादून ग्रामीण इकाई ने ग्राम बरोटीवाला के शिव मंदिर परिसर में कांग्रेस की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष एससी मोर्चा बालवीर गुनियाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस उत्तराखंड की जनता को लगातार भ्रमित कर रही है, जबकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए कार्य कर रही है। राज्य मंत्री कुलदीप कुमार ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है और वह भ्रांतियां फैलाकर जनता को गुमराह कर रही है। इस दौरान जिला अध्यक्ष अनिल कुमार सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!