गैरसैंण में शीघ्र खुलेगा केन्द्रीय विद्यालय, शिक्षा मंत्री से मुलाकात में बनी सहमति

नई दिल्ली/देहरादून। पश्चिम बंगाल दौरे से लौटते समय कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नई दिल्ली में केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी उपस्थित रहे। मुलाकात में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय खोलने के प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा हुई। डॉ. रावत ने कहा कि राज्य सरकार गैरसैंण में प्रशासनिक गतिविधियों के विस्तार के साथ आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ कर रही है। केन्द्रीय विद्यालय खुलने से क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और पलायन पर अंकुश लगेगा। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री ने गैरसैंण में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना पर सहमति व्यक्त की। बैठक में नई शिक्षा नीति, पीएमश्री विद्यालय, पीजीआई रैंकिंग सुधार, एससीईआरटी पाठ्यचर्या और एनआईटी श्रीनगर से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही डॉ. रावत ने भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से भी भेंट कर संगठनात्मक व चुनावी विषयों पर चर्चा की।
