लोगों को कराया आयुष्मान योजना के लाभ से अवगत

देहरादून। राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण की ओर से जनपद के विभिन्न सरकारी और निजी चिकित्सा संस्थानों में आयुष्मान जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीज, उनके तीमारदार और ओपीडी में आए लोगों को आयुष्मान योजना एवं आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन की जानकारियों से अवगत कराया गया। पंपलेट और अन्य प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। अभियान में राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के चेयरमैन अरविंद सिंह ह्यांकी और मुख्य कार्यकारी अधिकारी रीना जोशी के निर्देशानुसार योजना की महत्वपूर्ण जानकारियों को जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। अभियान में विशेष रूप से 70 वर्ष या उससे अधिक आयुवर्ग के लोगों के लिए संचालित ’’वय वंदना कार्ड’’, दुर्घटना में तत्काल उपचार और डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड के महत्व पर ध्यान केंद्रित किया गया। सहायक प्रबंधक आईईसी नवीन शुक्ला, नवीन चमोली और प्रणव शर्मा ने विभिन्न संस्थानों में अभियान का सफल संचालन किया।
