जनता दर्शन कार्यक्रम में 88 शिकायतों का हुआ निस्तारण

देहरादून। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें भूमि संबंधी, आपसी विवाद, सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याएँ शामिल थीं।
अपर जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। भूमि अवैध कब्जा, नाले पर अतिक्रमण, गुमशुदा व्यक्तियों के मृत्यु प्रमाण पत्र और ई-श्रम योजना अंतर्गत अनुग्रह राशि भुगतान जैसे मामलों में आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए गए। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचे।
