मुख्यमंत्री घोषणाओं एवं हेल्पलाइन पर जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

पौड़ी। जनपद मुख्यालय में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित योजनाओं की डीपीआर समय पर शासन को प्रेषित करने, वन विभाग प्रकरणों में समन्वय स्थापित करने और हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों का तीन दिन में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। फील्ड सत्यापन और शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त कर ही निस्तारण पूर्ण करने पर भी बल दिया गया। बैठक में मुख्य कोषाधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधीक्षण अभियंता, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। जिलाधिकारी ने सभी को शिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण हेतु नियमित मॉनिटरिंग और मासिक समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
