अंकिता भंडारी मामले के राजनीतिकरण के विरोध में भाजपा ने दहन किया कांग्रेस का पुतला


देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे राजनीतिकरण के विरोध में रविवार को देहरादून के लैंसडाउन चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल के आह्वान पर किया गया।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष ने कहा कि राज्य सरकार ने शुरुआत से ही मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। जांच प्रक्रिया सतत रूप से चल रही है, इसके बावजूद कांग्रेस तथ्यों की अनदेखी कर जनता को भ्रमित कर रही है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यह विषय राजनीति का नहीं, बल्कि न्याय का है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा, लेकिन जांच को प्रभावित करने के प्रयास स्वीकार्य नहीं हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का पुतला दहन कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनाक्रोश का प्रतीक है।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का पुतला फूंका

उत्तरकाशी। अंकिता हत्याकांड को लेकर कांग्रेस द्वारा मुद्दा बनाए जाने और सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के विरोध में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय स्थित विश्वनाथ चौक पर कांग्रेस पार्टी का पुतला दहन किया और नारेबाजी की। इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौहान ने कहा कि सरकार ने प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषियों को आजीवन कारावास की सजा दिलाई है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की विश्वसनीयता प्रमाणित होनी चाहिए। यदि ठोस साक्ष्य मिलते हैं तो सरकार हर स्तर की जांच के लिए तैयार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share
error: Content is protected !!