शिविर में 1149 लोगों को मिला योजनाओं का लाभ, 155 को मिले प्रमाण पत्र

हरिद्वार। जनपद के तीन विकास खंड बहादराबाद, नारसन और लक्सर की न्याय पंचायतों में आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में कुल 4195 क्षेत्रीय जनता ने भाग लिया। उपाध्यक्ष आपदा प्रबंधन/राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला की अध्यक्षता में बहादराबाद के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज औरंगाबाद में 1149 लोगों को योजनाओं से लाभ मिला और 155 प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
विकासखंड नारसन के मोहम्मदपुर जट में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल के नेतृत्व में 404 लोगों को योजनाओं का लाभ और 66 प्रमाण पत्र जारी किए गए। लक्सर के आकोढ़ा कला पंचायत घर में उप जिलाधिकारी सौरभ असवाल ने 341 लोगों को लाभ और 455 प्रमाण पत्र वितरण सुनिश्चित किया। तीनों शिविरों में कुल 191 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 89 का मौके पर निस्तारण किया गया और शेष संबंधित विभागों को भेजी गईं। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और सभी विभागों के स्टालों का निरीक्षण किया गया। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

16 शिविरों में 3891 पहुंचे, 2141 को मिला योजनाओं का लाभ
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। 16 बहुउद्देशीय शिविरों में 3891 लोगों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 2141 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि शिविरों में 504 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 309 का मौके पर निस्तारण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने बताया कि यह अभियान 18 मार्च 2026 तक 115 न्याय पंचायतों में जारी रहेगा।

समस्याओं का हुआ त्वरित समाधान
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जन जन की सरकार, जन जन के द्वार कार्यक्रम के तहत विकासखंड एकेश्वर की न्याय पंचायत कोटा में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 21 शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि 62 पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया। शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल रेखा आर्य ने की।
10 में से 7 शिकायतों का हुआ निस्तारण
उत्तरकाशी। न्याय पंचायत खालसी में उप जिलाधिकारी देवानंद शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 500 से अधिक ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया और 10 शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिनमें से 7 का मौके पर समाधान हुआ। पीएमजीएसवाई गड़वालगाड़ मोटर मार्ग निर्माण में फसलाना व प्रतिकर की शिकायत पर समिति गठित कर जांच के निर्देश दिए गए।
