सतपुली सहित पूरे नयार घाटी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रही सरकार

पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हो रहे हैं। रविवार को कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने सतपुली नगर पंचायत के दसवें नयार घाटी पंचायत महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार सतपुली सहित पूरे नयार घाटी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि सतपुली में 56 करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से बहुप्रतीक्षित झील का निर्माण कार्य तीव्र गति से चल रहा है, जबकि 1 करोड़ 61 लाख रुपये से नगर पंचायत भवन का निर्माण हो रहा है। दंगलेश्वर महादेव मंदिर में 76 लाख की लागत से स्नानागार व सौंदर्यीकरण, 2 करोड़ 81 लाख से बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, शौचालय व पार्किंग का निर्माण किया गया है। ओडल बड़ा में गौशाला निर्माण पूर्ण हो चुका है। पर्यटन विभाग से 4 करोड़ 42 लाख की लागत से 40 शैय्याओं का पर्यटन आवास गृह लगभग पूर्ण है। पार्किंग सुविधा के लिए 3 करोड़ 52 लाख रुपये से कार्य प्रगति पर है। 25 करोड़ 56 लाख की नगरीय पम्पिंग पेयजल योजना तथा गुमखालदृसतपुली मोटर मार्ग के चौड़ीकरण पर भी कार्य चल रहा है। कार्यक्रम के बाद मंत्री ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी कार्यक्रम में भाग लेते हुए उन्हें युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया। इस अवसर पर लैंसडाउन विधायक दलीप रावत, नगर पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।
