दहेज उत्पीड़न से बहू की मौत मामले में सास-ससुर गिरफ्तार, भेजा जेल

चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। थाना थराली क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी बहू की मौत के मामले में चमोली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए सास-ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 23 सितंबर को सुपुली देवी निवासी ग्राम कनोल, विकासखंड नंदानगर ने थाना थराली में तहरीर देकर बताया कि उनकी पुत्री उर्मिला का विवाह वर्ष 2023 में प्रेम सिंह निवासी ग्राम ल्वाणी, तहसील देवाल के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही उर्मिला को दहेज की मांग को लेकर लगातार शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। घटना से पूर्व उर्मिला ने मायके फोन कर मारपीट की जानकारी दी थी, जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया। बाद में ग्रामवासियों से उसकी मृत्यु की सूचना मिली। परिजनों ने हत्या कर आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया। मामले में बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर डीएसपी कर्णप्रयाग की विवेचना में त्रिलोक सिंह (62) व रामेश्वरी देवी (52) को गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी भेजा गया है। अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच जारी है।
