उत्तराखंडी संस्कृति की छटा का किया शानदार प्रदर्शन

उत्तरकाशी। उत्तराखंड राज्य स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित देवभूमि रजत उत्सव के दूसरे दिन प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मंगलवार को जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने प्रातःकालीन सत्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में चित्रकला, नृत्य और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के लिए प्रतिभागियों को ड्राइंग किट और रंगोली रंग प्रदान किए गए। प्रताप पोखरियाल, शान्ति ठाकुर, दिनेश भट्ट और ममता रावत को सम्मानित किया गया। विकास प्रदर्शनी और स्टॉल्स में उत्तराखंड की 25 वर्षों की प्रगति, स्थानीय हस्तशिल्प, उत्पाद और व्यंजन प्रदर्शित किए गए। सांस्कृतिक संध्या में अजय भारती समूह और हिल फाउंडेशन डांस अकादमी ने लोकनृत्य-संगीत प्रस्तुत किया। आयोजकों ने अंतिम दिवस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति और रंगारंग प्रस्तुतियों का आयोजन बताया। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष भाजपा नागेन्द्र चौहान, राज्य मंत्री प्रताप सिंह पंवार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
